बेरोजगारी भत्ता को लेकर छत्तीसगढ़ विधानसभा में घमासान, कांग्रेस का बर्हिगमन, सत्ता–विपक्ष में तीखी नारेबाजी

Share this

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दूसरे दिन बेरोजगारी भत्ता को लेकर सदन का माहौल पूरी तरह गरमा गया। प्रश्नकाल के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बेरोजगारी भत्ता नहीं दिए जाने पर राज्य सरकार को घेरते हुए गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जब बजट में बेरोजगारी भत्ता देने का स्पष्ट प्रावधान है, तो फिर बेरोजगार युवाओं को इसका लाभ क्यों नहीं दिया जा रहा है।

विधायक लखेश्वर बघेल ने सदन में प्रश्न उठाते हुए 1 अप्रैल 2024 की स्थिति में छत्तीसगढ़ राज्य में पंजीकृत बेरोजगारों की कुल संख्या शैक्षणिक, तकनीकी एवं व्यावसायिक योग्यता के आधार पर वर्गवार जानकारी मांगी। साथ ही उन्होंने बेरोजगारों को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए राज्य शासन द्वारा किए जा रहे प्रयासों, कार्ययोजना, प्रस्तावित लक्ष्य और समयावधि की जानकारी भी पूछी।

इस पर श्रम मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने सदन को बताया कि 1 अप्रैल 2024 तक राज्य में कुल 11,39,656 पंजीकृत रोजगार इच्छुक युवक-युवतियां हैं। उन्होंने कहा कि बेरोजगार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए प्रदेश के सभी जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्रों के माध्यम से रोजगार मेला और प्लेसमेंट कैंप आयोजित किए जा रहे हैं।

 

अजय–उमेश की नोंकझोंक से बढ़ा विवाद

सदन में चर्चा के दौरान विधायक अजय चंद्राकर और पूर्व मंत्री उमेश पटेल के बीच तीखी नोंक-झोंक हो गई। अजय चंद्राकर ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार ने अपने कार्यकाल में बेरोजगारों को केवल गुमराह किया। इस पर उमेश पटेल ने पलटवार करते हुए सरकार से सीधा सवाल किया कि बेरोजगारों को भत्ता क्यों नहीं दिया जा रहा है।

स्पीकर डॉ. रमन सिंह ने हस्तक्षेप करते हुए कहा कि यह प्रश्न विधायक लखेश्वर बघेल के मूल प्रश्न में शामिल नहीं है, इसलिए मंत्री को जवाब देने के लिए बाध्य नहीं किया जा सकता।

 

भूपेश बघेल ने सरकार को घेरा

इसी दौरान पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि पिछले सत्र में सरकार ने लिखित जवाब में स्वीकार किया था कि बेरोजगारी भत्ता के लिए बजट में प्रावधान है। उन्होंने सरकार से सीधा सवाल किया कि जब बजट में प्रावधान है, तो बेरोजगारों को भत्ता क्यों नहीं दिया जा रहा है। क्या सरकार बेरोजगारों को भत्ता देगी या नहीं?

 

कांग्रेस का बर्हिगमन

बेरोजगारी भत्ता की मांग को लेकर सदन में कुछ देर तक जोरदार हंगामा होता रहा। सरकार से संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर कांग्रेस विधायकों ने सदन से बर्हिगमन कर दिया। इस दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच जोरदार नारेबाजी भी देखने को मिली।

Share this

You may have missed