घने जंगलों में कलेक्टर का फिल्मी अंदाज़ में पीछा, 140 बोरा अवैध धान जब्त; अंतर्राज्यीय तस्करी का भंडाफोड़
Share this
बिलासपुर। अंतर्राज्यीय सीमा पर अवैध रूप से धान के परिवहन के खिलाफ जिला प्रशासन ने बड़ी और साहसिक कार्रवाई करते हुए तस्करों के मंसूबों पर पानी फेर दिया। कलेक्टर राजेंद्र कटारा ने स्वयं देर रात घने जंगलों में करीब तीन किलोमीटर तक पीछा कर दो पिकअप वाहनों को पकड़ते हुए अवैध धान परिवहन का भंडाफोड़ किया।
जिले में धान खरीदी व्यवस्था को प्रभावित करने वाली अवैध गतिविधियों पर प्रशासन लगातार सख्त नजर बनाए हुए है। इसी क्रम में रामचंद्रपुर विकासखंड अंतर्गत अंतर्राज्यीय सीमा क्षेत्र तालकेश्वरपुर के जंगलों से अवैध धान तस्करी की सूचना मिलने पर कलेक्टर राजेंद्र कटारा राजस्व अमले के साथ मौके पर पहुंचे।
जांच के दौरान जंगल के रास्ते से गुजर रहे दो संदिग्ध पिकअप वाहनों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन अंधेरे और वन क्षेत्र का लाभ उठाकर वाहन चालक मौके से फरार होने लगे। इस पर कलेक्टर ने स्वयं अपने वाहन से दोनों पिकअप का पीछा किया और लगभग तीन किलोमीटर बाद उन्हें पकड़ लिया।
वाहनों की तलाशी लेने पर कुल 140 बोरा धान बरामद किया गया। धान परिवहन से संबंधित कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर दोनों पिकअप वाहन सहित अवैध धान को मौके पर ही जब्त कर लिया गया। जब्त सामग्री को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए सनवाल थाना को सौंप दिया गया है।
इस पूरी कार्रवाई में तहसीलदार, नायब तहसीलदार सहित पूरा राजस्व अमला मौके पर मौजूद रहा।
कलेक्टर राजेंद्र कटारा ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जिले में धान खरीदी व्यवस्था को कमजोर करने वाले अवैध परिवहन, भंडारण और तस्करी को किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अंतर्राज्यीय सीमा क्षेत्रों में 24 घंटे निगरानी रखी जाए और ऐसे मामलों में त्वरित व कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने यह भी कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप धान खरीदी प्रक्रिया को पारदर्शी, सुरक्षित और सुचारू बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। अवैध धान तस्करी में संलिप्त तत्वों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, जिससे किसानों और शासन के हितों की प्रभावी रक्षा हो सके।
