भीषण सड़क हादसा: तेज रफ्तार ई-रिक्शा पलटा, एक की मौत, छह घायल
Share this
जांजगीर-चांपा। जिले के बिर्रा थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। ग्राम करनौद के पास तेज रफ्तार ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर पलट गया, जिसमें एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब 5 बजे एक ई-रिक्शा चालक चांपा रेलवे स्टेशन से छह सवारियों को लेकर निकला था। ग्राम करनौद के पास सड़क पर घुंध अधिक होने और तेज रफ्तार के कारण चालक को रास्ता साफ दिखाई नहीं दिया।इसी दौरान वाहन से नियंत्रण खो गया और ई-रिक्शा सड़क किनारे पलट गया।
हादसे के बाद ई-रिक्शा में सवार सभी यात्री सड़क पर जा गिरे। मौके से गुजर रहे राहगीरों ने तत्काल घटना की सूचना 108 एम्बुलेंस को दी। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को बम्हनीडीह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद 45 वर्षीय घासी राम खूंटे को मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों का इलाज जारी है।
मृतक घासी राम खूंटे सक्ती जिले के मालखरौदा क्षेत्र के निवासी थे। परिजनों के अनुसार वे हैदराबाद में मजदूरी करते थे और रविवार सुबह चांपा रेलवे स्टेशन से अपने गांव कुरदा लौटने के लिए ई-रिक्शा में सवार हुए थे।
एसडीओपी यदुमणि सिदार ने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वहीं बिर्रा थाने में ई-रिक्शा चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

