आदिवासी बालक आश्रम में शराबकांड: ड्यूटी पर नशे में अधीक्षक निलंबित, एक कर्मचारी की सेवा समाप्त

Share this

कोरबा। जिले के पोंड़ी-उपरोड़ा विकासखंड स्थित प्राथमिक स्तर आदिवासी बालक आश्रम सरभोंका में ड्यूटी के दौरान शराब सेवन का गंभीर मामला सामने आया है। बच्चों की सुरक्षा और अनुशासन से जुड़े इस मामले में विभाग ने सख्त कार्रवाई करते हुए आश्रम अधीक्षक संजय कुमार पैकरा को निलंबित कर दिया है, जबकि एक कर्मचारी की सेवाएं समाप्त कर दी गई हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार अधीक्षक संजय कुमार पैकरा के खिलाफ शराबखोरी की शिकायत विभाग तक पहुंची थी। शिकायत की गंभीरता को देखते हुए सहायक आयुक्त आदिवासी विकास श्रीकांत कसेर ने नोडल अधिकारी को तत्काल जांच के निर्देश दिए। इसी क्रम में 28 नवंबर की रात करीब 9:30 बजे आश्रम का औचक निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान अधीक्षक संजय कुमार पैकरा, दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी गनपत लाल बिंझवार और कलेक्टर दर कर्मचारी आलम सिंह पैकरा शराब के नशे में पाए गए। जांच में यह भी सामने आया कि तीनों कर्मचारी नियमित रूप से छात्रावास परिसर में ही शराब का सेवन करते थे, जो उनकी आदत में शामिल था।

मामले को अत्यंत गंभीर मानते हुए विभाग ने तत्काल अनुशासनात्मक कार्रवाई की। कार्रवाई के तहत दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी गनपत लाल बिंझवार की सेवाएं समाप्त कर दी गई हैं। वहीं अधीक्षक संजय कुमार पैकरा (श्रेणी ‘C’) को निलंबित करते हुए उनका मुख्यालय बदलकर सहायक आयुक्त आदिवासी विकास कार्यालय, कोरबा में अटैच किया गया है। इसी तरह आलम सिंह पैकरा को भी निलंबित कर सहायक आयुक्त आदिवासी विकास कार्यालय कोरबा में संलग्न किया गया है।

इस कार्रवाई के बाद विभाग में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों ने स्पष्ट संदेश दिया है कि छात्रावासों में अनुशासनहीनता, लापरवाही और मदिरापान किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर और भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Share this

You may have missed