छत्तीसगढ़ में कड़ाके की ठंड का कहर, रायपुर समेत 13 जिलों में शीतलहर का अलर्ट

Share this

रायपुर। छत्तीसगढ़ में ठंड का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में लोगों को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ रहा है। तेज और ठंडी हवाओं के कारण तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है। सुबह और रात के समय ठंड सबसे ज्यादा परेशान कर रही है।

मौसम विभाग के अनुसार इस बार ठंड सामान्य से पहले ही अपना असर दिखाने लगी है। आमतौर पर जहां 15 दिसंबर के बाद तापमान में बड़ी गिरावट देखी जाती थी, वहीं इस साल दिसंबर की शुरुआत से ही शीतलहर लोगों को कंपकंपाने पर मजबूर कर रही है। सुबह के समय कोहरा और ओस की मोटी परत सड़कों पर देखी जा रही है, जिससे दृश्यता भी प्रभावित हो रही है।

मौसम विभाग ने 13 दिसंबर को प्रदेश के कई जिलों में शीतलहर चलने की चेतावनी जारी की है। चेतावनी के दायरे में कोरिया, सूरजपुर, बलरामपुर, जशपुर, सरगुजा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बिलासपुर, मुंगेली, कबीरधाम, राजनांदगांव, दुर्ग, रायपुर और बालोद जिले शामिल हैं। इन इलाकों में तेज ठंडी हवाओं के साथ तापमान में और गिरावट आने की संभावना जताई गई है।

बढ़ती ठंड के चलते आम जनजीवन पर असर साफ नजर आने लगा है। सुबह और रात के समय लोग अलाव का सहारा ले रहे हैं। कई इलाकों में स्थानीय लोगों ने खुद अलाव जलाने शुरू कर दिए हैं, वहीं प्रशासन से सार्वजनिक स्थानों पर अलाव की व्यवस्था करने की मांग भी उठ रही है।

मौसम विभाग ने लोगों को ठंड से बचाव के लिए सावधानी बरतने, गर्म कपड़े पहनने और बुजुर्गों व बच्चों का विशेष ध्यान रखने की अपील की है।

Share this

You may have missed