बिलासपुर में अधिवक्ता पर जानलेवा हमला: कार रोककर गाली-गलौज, चाकू से वार और बुलेट चढ़ाने की कोशिश

Share this

बिलासपुर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में एक अधिवक्ता पर जानलेवा हमला किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। जिला न्यायालय में प्रैक्टिस करने वाले अधिवक्ता शिवांश पाराशर पर कुछ युवकों ने कार रुकवाकर पहले गाली-गलौज की और फिर चाकू से हमला कर दिया। हमलावरों में से एक युवक ने अधिवक्ता पर बुलेट चढ़ाने की भी कोशिश की। वारदात में अधिवक्ता गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

नर्मदा नगर, संजय कोचिंग के सामने रहने वाले अधिवक्ता शिवांश पाराशर 8 दिसंबर की रात अपनी एक परिचित युवती के साथ कार से कोनी की ओर जा रहे थे। जैसे ही वह नेहरू नगर स्थित चड्ढा बाड़ी के पास पहुंचे, सामने से आ रही कार में सवार कान्हा उपाध्याय और निमित दुबे ने उनकी कार रोकने का इशारा किया।

कार रुकते ही दोनों युवक अधिवक्ता पर चिल्लाने लगे और आरोप लगाया कि वह नित्या दुबे को कार में क्यों घुमा रहे हैं। देखते ही देखते गाली-गलौज और विवाद बढ़ गया।

इसी दौरान राजवीर बाबरा नाम का युवक बुलेट से वहां आया और अधिवक्ता पर बाइक चढ़ाने का प्रयास किया। अधिवक्ता ने समझदारी दिखाते हुए बुलेट पकड़ ली, जिसके बाद राजवीर सड़क पर गिर गया। गिरते ही उसने चाकू निकालकर अधिवक्ता के गले के पीछे, कमर और आंख के नीचे वार कर दिया। साथ ही दूसरे आरोपी भी पत्थर लेकर अधिवक्ता पर टूट पड़े। अधिवक्ता किसी तरह दौड़कर अपनी जान बचाकर वहां से निकले।

घटना के बाद अधिवक्ता ने अपने दोस्तों को फोन कर जानकारी दी और फिर सिविल लाइन थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने कान्हा उपाध्याय, निमित दुबे, राजवीर बाबरा सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ धारा 307 (हत्या का प्रयास) समेत कई गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस का कहना है कि हमलावरों की तलाश जारी है और मामले में शीघ्र कार्रवाई की जाएगी।

Share this

You may have missed