शराब पीकर स्कूल पहुँचे व्यायाम शिक्षक निलंबित, सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के बाद कार्रवाई तेज
Share this
गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही। जिले में एक व्यायाम शिक्षक के नशे की हालत में स्कूल पहुंचने का मामला सामने आने के बाद शिक्षा विभाग ने सख्त कार्रवाई की है। गौरेला विकासखंड के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जोगीसार के व्यायाम शिक्षक उत्तम सिंह को कर्तव्य में लापरवाही और अनुशासनहीनता के आरोप में निलंबित कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, प्रधानाचार्य द्वारा कई बार समझाइश और चेतावनी देने के बावजूद शिक्षक उत्तम सिंह के व्यवहार में कोई सुधार नहीं हुआ। मामले की गंभीरता को देखते हुए संयुक्त संचालक, शिक्षा संभाग बिलासपुर ने छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम 1966 के तहत निलंबन आदेश जारी किया।
निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, गौरेला निर्धारित किया गया है, जहां से उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता प्राप्त होगा।
पूरा मामला तब सुर्खियों में आया जब इस घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। वीडियो में उत्तम सिंह खुद एक शराब पार्टी में शामिल होने की बात स्वीकार करते हुए दिखाई दे रहे हैं। वायरल वीडियो के बाद अभिभावकों और स्थानीय लोगों में भी नाराजगी देखी गई, जिसके बाद विभाग ने त्वरित कार्रवाई की।
शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि स्कूलों में अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और भविष्य में ऐसे मामलों में कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

