आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई: 93 नशीले इंजेक्शन के साथ सप्लायर गिरफ्तार, चार महीनों में 30वीं कार्रवाई
Share this
अंबिकापुर। सरगुजा संभागीय आबकारी उड़नदस्ता टीम ने नशीले इंजेक्शनों के अवैध कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए सूरजपुर जिले में एक और सप्लायर को गिरफ्तार किया है। उमापुर पंडरीपानी निवासी खलेश्वर राम साहू के पास से टीम ने 93 नग नशीले इंजेक्शन बरामद किए। कार्रवाई के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेजने के आदेश दिए गए।
घर में छिपाकर कर रहा था नशीले इंजेक्शन की बिक्री
थाना रामानुजनगर क्षेत्र में गश्त के दौरान टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी अपने घर में भारी मात्रा में नशीले इंजेक्शन छिपाकर बिक्री कर रहा है। सूचना मिलते ही सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता के नेतृत्व में टीम ने तत्काल दबिश दी। सरकारी वाहन और वर्दी देखकर आरोपी झोला लेकर भागने लगा, लेकिन टीम ने उसे दौड़ाकर पकड़ लिया। तलाशी में झोले से 93 नशीले इंजेक्शन बरामद हुए।
गिरफ्तार कर भेजा गया जेल
मौके पर ही खलेश्वर को गिरफ्तार किया गया और न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक तेजराम केहरी, मुख्य आरक्षक रमेश दुबे, नगर सैनिक गणेश पांडे, ओमप्रकाश गुप्ता, महिला सैनिक राजकुमारी सिंह और अंजू एक्का शामिल रहे।
पहले भी दो बार जा चुका है जेल
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह नशीले इंजेक्शन के मामले में पहले भी दो बार जेल जा चुका है। उसने यह भी खुलासा किया कि यह इंजेक्शन उसने बैकुंठपुर निवासी पुष्पेंद्र से खरीदा था। पुष्पेंद्र के घर पर बीते दिन कार्रवाई की गई, लेकिन वह फरार हो गया। उसकी तलाश जारी है। जानकारी के अनुसार फरार आरोपी डेहरी-ऑन-सोन (बिहार) से नशीला इंजेक्शन लाकर पूरे सरगुजा क्षेत्र में सप्लाई करता है और घर-घर जाकर निजी ट्यूशन भी पढ़ाता है।
चार महीनों में 30वीं कार्रवाई
सहायक जिला आबकारी अधिकारी ने बताया कि बीते चार महीनों में टीम द्वारा नशीले इंजेक्शन और कफ सिरप विक्रेताओं पर यह 30वीं बड़ी कार्रवाई है। इससे पहले चंद्रेली निवासी रामव्रत रवि और करवां निवासी अहमद अंसारी को भी जेल
भेजा जा चुका है।
