जांजगीर-चांपा में कार्रवाई: गौ तस्करी व आपराधिक मामलों में लिप्त पर जिला बदर की अनुशंसा

Share this

जांजगीर-चांपा। जिले में गौवंश तस्करी और लगातार आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहने वाले आदतन निगरानी बदमाश रमेश यादव पिता बुडगा यादव (उम्र 43 वर्ष), निवासी धरदेई, थाना शिवरीनारायण के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए उसे जिला बदर करने की अनुशंसा जिला दण्डाधिकारी एवं कलेक्टर को भेज दी है।

पुलिस के अनुसार आरोपी के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में कुल 06 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं, जिनमें चोरी, गौ तस्करी और जान से मारने की धमकी देने जैसे गंभीर आरोप शामिल हैं। इसके अलावा उसके खिलाफ 02 प्रतिबंधात्मक कार्रवाई पूर्व में भी की जा चुकी है।

 

2017 से सक्रिय गौ तस्कर

रमेश यादव वर्ष 2017 से जांजगीर-चांपा और सारंगढ़–बिलाईगढ़ जिले के कई क्षेत्रों में अवैध गौवंश तस्करी में सक्रिय पाया गया है। पुलिस द्वारा कई बार कार्रवाई के बावजूद उसके आपराधिक कृत्यों में कोई कमी नहीं आई, जिससे पुलिस उसकी गतिविधियों को क्षेत्र की शांति व्यवस्था के लिए गंभीर खतरा मान रही है।

 

क्षेत्र में भय और असंतोष का माहौल

आरोपी की अवैध गतिविधियों से गौ-सेवकों में आक्रोश और आम नागरिकों में भय का माहौल बना हुआ है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की वजह से धार्मिक भावनाएँ आहत हो रही हैं और क्षेत्र में असंतोष बढ़ रहा है।

 

जिला बदर की अनुशंसा

पुलिस ने छत्तीसगढ़ राज्य सुरक्षा अधिनियम 1990 की धारा 3 एवं 5 के तहत आरोपी को जिले से निष्कासित (जिला बदर) करने की सिफारिश की है। पुलिस द्वारा भेजे गए विस्तृत प्रतिवेदन में बताया गया है कि लगातार कार्रवाई के बाद भी आरोपी अपने अपराधों से बाज नहीं आ रहा है, जिससे क्षेत्र में दहशत का वातावरण बन गया है।

अब जिला दण्डाधिकारी आगे की कार्रवाई तय करेंगे।

Share this

You may have missed