दुर्ग में सनसनी: झाड़ियों में मिली युवती की अधजली लाश, हत्या की आशंका—पुलिस की जांच तेज
Share this
दुर्ग। जिले में सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों ने करगाडीह रोड स्थित नहर के पास झाड़ियों में एक युवती की अधजली लाश पड़ी देखी। सूचना मिलते ही उतई थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में इस पूरे मामले को हत्या और साक्ष्य छिपाने की गंभीर वारदात के रूप में देखा जा रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार यह घटना उतई थाना क्षेत्र के पुरई इलाके की है। रोज की तरह सुबह टहलने निकले लोगों ने झाड़ियों के बीच एक बुरी तरह जला हुआ शव देख तुरंत पुलिस को सूचना दी। शव की स्थिति इतनी खराब थी कि मृतका की पहचान अभी नहीं की जा सकी है।
पुलिस का मानना है कि युवती की पहले हत्या की गई और उसके बाद सबूत मिटाने की नीयत से उसके शव को सुनसान इलाके में लाकर आग के हवाले किया गया। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से अहम सुराग जुटाए हैं और पुलिस आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ कर रही है।
इसके साथ ही एक विशेष टीम आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपी तक पहुंचा जा सके। पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही इस अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझ जाएगी और घटना का खुलासा किया जाएगा।
जिला पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी युवती के लापता होने की जानकारी हो तो तुरंत उतई थाना पुलिस से संपर्क करें।
