गोवा के नाइटक्लब में भीषण आग: 25 लोगों की मौत, अवैध निर्माण और सुरक्षा लापरवाही पर उठा बड़ा सवाल

Share this

नई दिल्ली। गोवा के लोकप्रिय नाइटक्लब ‘Birch By Romeo Lane’ में शनिवार देर रात लगी भीषण आग ने पूरे देश को झकझोर दिया। ‘बॉलीवुड बैंगर नाइट’ के दौरान करीब 100 से ज़्यादा पर्यटक डांस फ्लोर पर मौजूद थे, तभी अचानक स्टेज के पीछे चिंगारियां उठीं और देखते ही देखते आग ने पूरे क्लब को अपनी चपेट में ले लिया।

आग लगने का वीडियो वायरल

सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे वीडियो में देखा गया कि एक डांसर स्टेज पर प्रदर्शन कर रही थी, तभी उसके पीछे कंसोल के पास आग की चिंगारियां गिरीं। शुरुआत में स्टाफ स्थिति को सामान्य बताने की कोशिश करता दिखा, लेकिन कुछ ही सेकेंड में आग तेज़ी से फैली और अफरातफरी मच गई।

 

दम घुटने से हुई कई लोगों की मौत

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग छत तक पहुंचते ही स्टेज स्टाफ व संगीतकार मंच छोड़कर भाग खड़े हुए। कई पर्यटक घबराकर नीचे बने किचन की ओर भागे और वहीं फंस गए। दम घुटने से 25 लोगों की मौत हो गई, जिनमें कुछ की पहचान अभी बाकी है।

 

रात 1 बजे लगी आग, फायर ब्रिगेड को पहुंचने में देरी

आग रात 1 बजे लगी और उसे बुझाने में घंटों लग गए। क्लब तक जाने वाली बेहद संकरी गली के कारण दमकल वाहन बाहर ही रुक गए और फायर कर्मियों को 400 मीटर पैदल उपकरण लेकर अंदर जाना पड़ा, जिससे रेस्क्यू ऑपरेशन देर से शुरू हुआ और नुकसान ज्यादा बढ़ गया।

 

क्लब की एंट्री-एग्जिट भी संकरी, मची भगदड़

क्लब का प्रवेश और निकास द्वार भी अत्यधिक संकरा था, जिसके चलते एक साथ बाहर निकलने की कोशिश में भगदड़ मच गई। धुआं भरते ही कई लोगों की सांसें रुक गईं और वे बाहर नहीं निकल सके।

 

मैनेजर और मालिक गिरफ्तार, मजिस्ट्रियल जांच के आदेश

गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने घटना को बेहद दुखद बताया और कहा कि शुरुआती जांच में क्लब की ऊपरी मंज़िल से आग लगने की पुष्टि हुई है।

सरकार ने मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं, वहीं क्लब के मालिक और जनरल मैनेजर को गिरफ्तार कर लिया गया है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी हादसे पर दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को हर संभव सहायता देने की बात कही।

 

अवैध निर्माण और सुरक्षा मानकों पर बड़ा सवाल

अरपोरा-नगोआ पंचायत के सरपंच रोशन रेडकर ने खुलासा किया कि क्लब को निर्माण की अनुमति नहीं मिली थी और पंचायत ने ढहाने का नोटिस भी जारी किया था, जिसे उच्च अधिकारियों ने रोक दिया था।

सरपंच ने बताया कि क्लब में पाम के पत्तों से बनी अस्थायी संरचनाएँ थीं, जो आग पकड़ने में बेहद संवेदनशील थीं और आग फैलने का मुख्य कारण बनीं।

यह हादसा गोवा के बढ़ते नाइटलाइफ़ कल्चर में सुरक्षा मानकों और अवैध निर्माण को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है।

Share this

You may have missed