चोर गिरोह का किया भंडाफोड़, तीन आरोपी गिरफ्तार – सोने-चांदी के आभूषण बरामद
Share this
जांजगीर-चांपा। पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए अंतर जिला चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। थाना चांपा और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए दो चोरों और एक खरीददार सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से चोरी हुए सोने-चांदी के जेवरात और खरीददार से सोना गलाने के उपकरण जब्त किए गए हैं।
मामला तब सामने आया जब प्रार्थी धनीराम देवांगन, निवासी आनंद विहार कॉलोनी सिवनी चांपा, ने 8 नवंबर 2025 को घर में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि भतीजे के दशगात्र कार्यक्रम से लौटने पर घर का ताला टूटा मिला और अलमारी से सोने-चांदी के जेवरात गायब थे। शिकायत पर थाना चांपा पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
उच्च अधिकारियों को सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप तथा SDOP चांपा यदुमणी सिदार के निर्देशन में एक संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास के CCTV फुटेज खंगाले तथा चोरी गए मोबाइल की लोकेशन और तकनीकी डिटेल प्राप्त की।
साइबर सेल की तकनीकी सहायता से पुलिस ने कोरबा क्षेत्र में दबिश दी और सत्य प्रकाश महंत व मोहन मिंज को अलग-अलग स्थानों से पकड़ा। प्रारंभ में दोनों ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन सख्त पूछताछ में उन्होंने चोरी की वारदात को अपने अन्य तीन साथियों के साथ मिलकर अंजाम देने की बात स्वीकार की।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि चोरी का सोना-चांदी उन्होंने सोनार अनिल काले को बेचा था। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने अनिल काले को भी गिरफ्तार किया, जिसके पास से सोना गलाने के उपकरण और गला हुआ सोना-चांदी बरामद किया गया।
तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। गिरोह के अन्य तीन आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
पूरी कार्रवाई में इन अधिकारियों व कर्मचारियों का विशेष योगदान रहा:
निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता (थाना प्रभारी चांपा), निरीक्षक सागर पाठक (प्रभारी साइबर सेल), उप निरीक्षक दादुरैया ठाकुर, सहायक उप निरीक्षक विवेक सिंह, प्रधान आरक्षक विवेक, आरक्षक प्रदीप, माखन, श्रीकांत, रोहित, शंकर राजपूत, वीरेश सिंह, संजय केवट, सचिन एक्का, कैलाश यादव, जय उरांव, भूपेंद्र गोस्वामी और रूप नारायण।
