महतारी वंदन योजना की 22वीं किस्त जारी: 2.41 लाख लाभार्थियों की हुई छटनी
Share this
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने 03 दिसंबर 2025 को आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में महतारी वंदन योजना की 22वीं किश्त का भुगतान बटन दबाकर जारी किया। यह कार्यक्रम मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी में आयोजित हुआ। राज्य सरकार ने इस बार 67,71,012 हितग्राहियों के बैंक खातों में राशि ट्रांसफर की है।
सीएम साय ने कहा कि “महतारी वंदन योजना हमारी माताओं और बहनों के सम्मान, सुरक्षा और आर्थिक स्वावलंबन का जीवंत उदाहरण है।” उन्होंने बताया कि महिलाओं को सीधे बैंक खातों में प्रतिमाह मिलने वाली यह आर्थिक सहायता परिवार के पोषण, स्वास्थ्य और शिक्षा से जुड़ी आवश्यकताओं को पूरा करने में अहम भूमिका निभाती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की महिलाएं राज्य की प्रगति की आधारशिला हैं। उनका सशक्त होना ही एक मजबूत प्रदेश की नींव है। उन्होंने यह भी आश्वस्त किया कि सरकार का लक्ष्य है— कोई भी पात्र महिला योजना के लाभ से वंचित न रहे, इसके लिए पूरी पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ भुगतान जारी रहेगा।
2,41,405 लाभार्थियों की छटनी – क्यों हुई घटोतरी?
योजना की पहली किश्त 10 मार्च 2024 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दी गई थी, जिसमें 70,12,417 महिलाओं को लाभ मिला था। वहीं, 22वीं किश्त के लाभार्थी 67,86,336 ही रह गए हैं, यानी 2,41,405 महिलाओं की संख्या कम हो गई।
सरकार के अनुसार, यह कमी निम्न कारणों से हुई—
कई अपात्र महिलाओं ने शुरुआत में आवेदन कर दिया था, जिन्हें बाद में चिन्हित कर सूची से हटाया गया।
वृद्धा पेंशन सहित अन्य योजनाओं का लाभ ले रही महिलाओं को बाहर किया गया।
कई लाभार्थियों की मृत्यु भी हो चुकी है।
कुछ महिलाओं का बैंक KYC पूरा न होने के कारण राशि नहीं भेजी जा सकी।
सीएम साय ने स्पष्ट किया कि यह छटनी पूरी तरह पारदर्शिता के साथ की गई है ताकि असली पात्र लाभार्थियों को ही योजना का लाभ मिले।
महतारी वंदन योजना क्या है?
छत्तीसगढ़ सरकार की यह प्रमुख महिला कल्याण योजना है, जिसके तहत—
पात्र विवाहित महिलाओं को
हर महीने ₹1,000 की सहायता राशि
स्वास्थ्य, पोषण और आर्थिक सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से दी जाती है।
इस योजना का मकसद महिलाओं के प्रति भेदभाव खत्म करना और उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत बनाना है।
