छत्तीसगढ़ में शीतलहर अलर्ट: स्वास्थ्य विभाग ने जारी किए दिशा-निर्देश, नागरिकों से सतर्क रहने की अपील
Share this
रायपुर। सर्दी के मौसम में कई राज्यों में अत्यधिक ठंड और शीतलहर की आशंका को देखते हुए भारत सरकार ने अलर्ट जारी किया है। इसके मद्देनज़र संचालनालय स्वास्थ्य सेवाएं, अटल नगर ने प्रदेशभर के लिए शीतलहर से बचाव के महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए हैं। विभाग ने नागरिकों से अनुरोध किया है कि वे ठंड के दौरान विशेष सावधानी बरतें और अपने स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित करें।
क्या करें – शीतलहर से बचाव के उपाय
- मौसम विभाग और आपदा प्रबंधन विभाग की चेतावनियों पर ध्यान दें।
- अनावश्यक बाहर न निकलें, यथासंभव घर में ही रहें।
- एक भारी कपड़े की बजाय कई परतों वाले गर्म, ऊनी और वायुरोधक कपड़े पहनें।
- शरीर को सूखा रखें, गीले कपड़े तुरंत बदलें।
- सिर, गर्दन, हाथ-पैर ढककर रखें — शरीर की गर्मी सबसे ज्यादा यहीं से निकलती है।
- दस्तानों की जगह मिट्टेन का उपयोग करें, साथ ही टोपी व वाटरप्रूफ जूते पहनें।
- पौष्टिक आहार, विटामिन-C युक्त फल व गर्म पेय लें।
- त्वचा को रूखापन से बचाने के लिए क्रीम/तेल का उपयोग करें।
- बच्चों, बुजुर्गों और अकेले रहने वाले पड़ोसियों का विशेष ध्यान रखें।
- आवश्यक वस्तुओं का भंडारण करें और घर में ताप संरक्षण सुनिश्चित करें।
फ्रॉस्टबाइट: इन लक्षणों पर रखें नजर
- उंगलियों, पैरों, नाक या कान में सुन्नपन
- त्वचा का रंग सफेद या पीला पड़ना
- ऐसा हो तो: प्रभावित स्थान को गुनगुने पानी में रखें (बहुत गर्म नहीं)।
हाइपोथर्मिया: गंभीर लक्षण
- ज्यादा कंपकंपी
- बोलने में कठिनाई
- मांसपेशियों में जकड़न
- अत्यधिक नींद आना
- सांस कमजोर होना
यह स्थिति आपातकाल मानी जाती है। ऐसे में तुरंत चिकित्सक से संपर्क करें।
क्या न करें – इन गलतियों से बचें
- खुले में लंबे समय तक न रुकें।
- कंपकंपी को कभी नजरअंदाज न करें।
- शराब का सेवन न करें — इससे शरीर का तापमान गिरता है।
- फ्रॉस्टबाइट वाले हिस्से की मालिश न करें।
- बेहोशी जैसी स्थिति में मरीज को तरल पदार्थ न दें।
- आग/हीटर को बिना निगरानी न छोड़ें।
- बंद कमरों में लकड़ी, कोयला या मोमबत्ती न जलाएं — कार्बन मोनोऑक्साइड का खतरा बढ़ता है।
स्वास्थ्य विभाग की अपील
जिला स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से कहा है कि शीतलहर के दौरान सतर्कता ही सुरक्षा है। किसी भी समस्या पर तुरंत चिकित्सा सलाह लें और अपनों का विशेष ध्यान रखें।
