रायगढ़ में RPF जवान ने साथी को गोली मारकर मौत के घाट उतारा, ड्यूटी के दौरान वारदात से हड़कंप
Share this
रायगढ़। जिले से तड़के एक बड़ी और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। रेलवे प्रोटेक्शन फोर्स (RPF) के एक प्रधान आरक्षक ने ड्यूटी के दौरान अपने ही साथी प्रधान आरक्षक की गोली मारकर हत्या कर दी। यह सनसनीखेज घटना सुबह लगभग 4 बजे RPF पोस्ट के अंदर हुई, जिसके बाद पूरे रेलवे सुरक्षा महकमे में हड़कंप मच गया।
सूत्रों के मुताबिक, ड्यूटी पर तैनात प्रधान आरक्षक के.एस. लादेर ने अचानक अपने साथी प्रधान आरक्षक पी.के. मिश्रा पर फायरिंग कर दी। गोली लगते ही पी.के. मिश्रा की मौके पर ही मौत हो गई। घटना इतनी अचानक और गंभीर थी कि ड्यूटी पर मौजूद अन्य जवान भी कुछ समझ नहीं पाए।
फायरिंग की आवाज सुनते ही RPF स्टाफ ने तुरंत आरोपी आरक्षक के.एस. लादेर को काबू में कर लिया और उसे पुलिस के हवाले कर दिया। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि आखिर ड्यूटी के दौरान इतना बड़ा कदम उठाने की वजह क्या थी।
घटना के बाद घटनास्थल को पूरी तरह सील कर दिया गया है और फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया है। वरिष्ठ RPF अधिकारी भी रायगढ़ पहुंचकर स्थिति की समीक्षा कर रहे हैं। मृतक प्रधान आरक्षक पी.के. मिश्रा की पहचान की पुष्टि कर दी गई है और परिजनों को सूचना दे दी गई है।
पुलिस और RPF की संयुक्त टीम इस मामले की विस्तृत जांच कर रही है। प्रारंभिक रूप से गोली चलाने के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है।
