CG Wedding Trend: छत्तीसगढ़ में वेडिंग बूम, खर्चे बढ़े–बाजार चमका…NV News

Share this

रायपुर/(CG Wedding Trend): छत्तीसगढ़ में शादी का बाजार इस साल नए रंग में नजर आ रहा है। बदलते स्टाइल, डिजिटल ट्रेंड और बढ़ते खर्च ने वेडिंग इंडस्ट्री को पहले से कहीं ज्यादा सक्रिय बना दिया है। एक नवंबर से 14 दिसंबर 2025 के बीच प्रदेश में होने वाली लगभग एक लाख शादियों से करीब 3,500 करोड़ रुपये का कारोबार होने का अनुमान है, जो पिछले वर्षों की तुलना में तेज वृद्धि है।

कैट रिसर्च एंड ट्रेड डेवलपमेंट सोसाइटी के अध्ययन के मुताबिक इस बार देशभर में करीब 6.50 लाख करोड़ का वेडिंग बिज़नेस होने की उम्मीद है। संगठन के राष्ट्रीय वाइस चेयरमैन अमर पारवानी के अनुसार इस साल शादी का बजट उल्लेखनीय रूप से बढ़ा है। देशभर में लगभग 41% शादियां 15 लाख रुपये से कम में होंगी, जबकि 22% शादियां 15–25 लाख, 25% शादियां 25–50 लाख और 9% शादियां 50 लाख से एक करोड़ के बजट में की जाएंगी। उच्च बजट वाली 3% शादियां एक से दस करोड़ के बीच होंगी। बढ़ते बजट ने वेडिंग सेक्टर को हर वर्ग के लिए बड़े बाजार के रूप में स्थापित किया है।

शादी से जुड़े सामानों में 70% से अधिक भारतीय उत्पादों का उपयोग किया जा रहा है। ‘वोकल फॉर लोकल वेडिंग्स’ अभियान ने चीनी सजावट, लाइटिंग और इम्पोर्टेड एक्सेसरीज़ की मांग कम कर दी है। इससे स्थानीय कारीगरों, ज्वैलर्स, डिजाइनर्स, वस्त्र उद्योग और एमएसएमई सेक्टर को बड़ा फायदा मिल रहा है।

प्रदेश में शादी के लिए वेन्यू और हॉस्पिटैलिटी सेक्टर लगभग फुल हैं। देवउठनी एकादशी के बाद से मैरिज लॉन, रिसॉर्ट और होटल में 85–95% तक बुकिंग दर्ज की गई है। ज्वेलरी मार्केट में 10–15% वृद्धि हुई है, जबकि फैशन, मेकअप और गिफ्टिंग बाजार में 20% उछाल देखा जा रहा है। इवेंट मैनेजमेंट, कैटरिंग, लाइटिंग, ट्रांसपोर्ट और लॉजिस्टिक्स में 30–35% तक कारोबार बढ़ने का अनुमान है।

इस बार वेडिंग इंडस्ट्री में डिजिटल ट्रेंड तेजी से उभर रहे हैं। डिजिटल इनविटेशन, वर्चुअल वेन्यू टूर, ऑनलाइन कंटेंट क्रिएशन और सोशल मीडिया बेस्ड वेडिंग डॉक्यूमेंटेशन की मांग में बड़ा उछाल दिख रहा है।

देशभर में इस शादी सीजन से एक करोड़ से अधिक लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है, जबकि सरकार को 75,000 करोड़ रुपये से ज्यादा टैक्स राजस्व मिल सकता है।

तेजी से बदलती पसंद, डिजिटल अप्रोच और बढ़ते खर्च ने छत्तीसगढ़ की वेडिंग इंडस्ट्री को नए स्तर पर पहुँचा दिया है, जहां परंपरा और मॉडर्निटी दोनों का संतुलन एक नए ट्रेंड के रूप में सामने आ रहा है।

Share this