रायपुर में 28-30 नवंबर को डीजीपी–आईजी कॉन्फ्रेंस: पीएम मोदी और गृह मंत्री शाह रहेंगे मौजूद, सुरक्षा व्यवस्था की बड़ी समीक्षा बैठक
Share this
रायपुर। प्रदेश की राजधानी रायपुर में 28 से 30 नवंबर तक होने वाले डीजीपी और आईजी कॉन्फ्रेंस को लेकर सुरक्षा एजेंसियाँ अलर्ट हो गई हैं। वीवीआईपी मूवमेंट और उच्चस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनज़र आज खुफिया विभाग के चीफ एडीजी इंटेलीजेंस अमित कुमार ने सिविल लाइन स्थित सी-4 बिल्डिंग में महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक ली।
बैठक में उन्होंने सुरक्षा प्रबंध, समन्वय प्रणाली और फील्ड में तैनात अधिकारियों के कार्य-व्यवहार को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सुरक्षा में लगे सभी अधिकारी आपसी समन्वय बनाए रखें और नागरिकों के प्रति सौहार्दपूर्ण व्यवहार रखें।
देशभर से आएंगे 70 डीजीपी–आईजी, पीएम मोदी और अमित शाह रहेंगे तीन दिन:-
डीजीपी कॉन्फ्रेंस में देश के लगभग 70 डीजीपी और आईजी शामिल होने आ रहे हैं। इस आयोजन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी तीन दिनों तक रायपुर में मौजूद रहेंगे।
इस उच्चस्तरीय मीटिंग के दौरान राज्य पुलिस को सुरक्षा व्यवस्था, वीआईपी मूवमेंट, ट्रैफ़िक प्लानिंग और कानून-व्यवस्था को लेकर अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए।
प्रदेश में पहली बार हो रहा डीजीपी–आईजी कॉन्फ्रेंस:-
यह कॉन्फ्रेंस पहली बार छत्तीसगढ़ में आयोजित की जा रही है। इसमें देशभर की पुलिस में हो रहे नवाचारों, कानूनों के बेहतर क्रियान्वयन, नए कानूनों के पालन में आने वाली चुनौतियों और उनके समाधान पर विस्तार से चर्चा होगी।
इसके अलावा आंतरिक सुरक्षा, नक्सल विरोधी अभियान, आतंकवाद विरोधी रणनीति, ड्रग्स नियंत्रण और साइबर सुरक्षा जैसे अहम मुद्दों पर भी विमर्श किया जाएगा।
बैठक में मौजूद रहे वरिष्ठ अधिकारी:-
समीक्षा बैठक में पुलिस विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी शामिल रहे, जिनमें प्रमुख रूप से—
- डॉ. आनंद छाबड़ा, पुलिस महानिरीक्षक (प्रशिक्षण)
- अंकित गर्ग, पुलिस महानिरीक्षक (PHS) मुख्यालय
- ध्रुव गुप्ता, पुलिस महानिरीक्षक
- अमरेश मिश्रा, पुलिस महानिरीक्षक रायपुर
- डॉ. संजीव शुक्ला, पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज
- एम.एल. कोटवानी, उप पुलिस महानिरीक्षक
- एम.आर. अहिरे, उप पुलिस महानिरीक्षक
- शंकर लाल बघेल, उप पुलिस महानिरीक्षक
- डॉ. उमेद सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रायपुर
सहित सभी एएसपी और नगर पुलिस उप अधीक्षक स्तर के अधिकारी उपस्थित रहे।
