प्रभारी सचिव ने जिले के धान खरीदी केंद्रों का किया निरीक्षण, अधूरी तैयारियों पर जताई नाराज़गी

Share this

जांजगीर। जिले के प्रवास पर आए प्रभारी सचिव एस. प्रकाश ने गुरुवार को अकलतरा, तिलई, खोखरा, कुटरा, पामगढ़, मेऊ, रहौद, खरौद, लोहर्सी और शिवरीनारायण में धान खरीदी केंद्रों का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण का उद्देश्य खरीदी की गुणवत्ता, प्रक्रिया की पारदर्शिता और केंद्रों में उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लेना था।

निरीक्षण के दौरान कई केंद्रों में तैयारी अधूरी मिली, जिस पर प्रभारी सचिव ने नाराज़गी जताते हुए 24 घंटे के भीतर सभी व्यवस्थाएं पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने धान की गुणवत्ता, आर्द्रतामापी यंत्र से नमी की जांच और इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन से तौल प्रक्रिया की सघन समीक्षा की।

कुटरा केंद्र में 11 केवी का तार देखा गया, जिस पर सचिव ने तत्काल हटाने के निर्देश दिए। तकनीकी कारणों से हटाना संभव न होने पर स्टैकिंग क्षेत्र से पर्याप्त दूरी बनाए रखने का आदेश दिया।

पामगढ़ केंद्र में प्रभारी सचिव ने प्रबंधकों और कंप्यूटर ऑपरेटर से धान की खरीद और स्टेकिंग की प्रक्रिया के बारे में सवाल किए। संतोषजनक जवाब न मिलने पर उन्होंने धान की सही स्टैकिंग पद्धति और खरीदी जाने वाली प्रजातियों की जानकारी दी।

सचिव ने किसानों से संवाद कर खरीदी से जुड़ी समस्याओं तथा उपलब्ध सुविधाओं की भी जानकारी ली। उन्होंने कहा कि किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, यह प्राथमिकता है। अधूरी तैयारियों को जल्द दुरुस्त करने और गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।

Share this

You may have missed