CG News: 18 दिन बाद सहकारी कर्मचारी की वापसी, आज से कामकाज बहाल…NV News

Share this

महासमुंद/(CG News): महासमुंद जिले में जिला सहकारी समिति कर्मचारी संघ और ऑपरेटर संघ के कर्मचारियों की 18 दिन से चल रही अनिश्चितकालीन हड़ताल आखिरकार समाप्त हो गई। अपनी चार सूत्रीय मांगों को लेकर आंदोलनरत रहे समिति प्रबंधक, सहायक प्रबंधक, विक्रेता, कंप्यूटर ऑपरेटर और अन्य अधिकारी-कर्मचारियों ने मंगलवार देर रात जिला प्रशासन को हड़ताल खत्म करने का पत्र सौंप दिया। इसके साथ ही सभी कर्मचारी बुधवार से अपने-अपने कार्यस्थलों पर उपस्थित होकर पूर्व की तरह सेवाएं देने के लिए तैयार हैं।

हड़ताली कर्मचारियों ने कलेक्टर के नाम संबोधित ज्ञापन अपर कलेक्टर रवि साहू को सौंपते हुए प्रशासन द्वारा हड़ताल अवधि के दौरान की गई किसी भी दंडात्मक कार्रवाई को शून्य घोषित करने की मांग भी रखी। जिला कार्यालय के सभाकक्ष में हुई बैठक के दौरान संघ के जिलाध्यक्ष और पदाधिकारियों ने हड़ताल समाप्ति की औपचारिक घोषणा की। इस मौके पर खाद्य अधिकारी अजय यादव, नोडल अधिकारी अविनाश शर्मा और उप पंजीयक द्वारिका नाथ भी मौजूद रहे।

कर्मचारियों ने कहा कि, किसानों के हितों को सर्वोपरि रखते हुए उन्होंने हड़ताल समाप्त करने का निर्णय लिया है, ताकि धान उपार्जन केंद्रों में किसी भी प्रकार की परेशानी न आए और खरीदी प्रक्रिया सुचारू रूप से चलती रहे। कर्मचारियों का कहना है कि उनकी मांगें जायज हैं और शासन-प्रशासन को इस दिशा में सकारात्मक कदम उठाने चाहिए।

अब हड़ताल समाप्त होने के बाद जिले के सभी धान उपार्जन केंद्रों में गतिविधियां पुनः सामान्य होंगी। किसानों को तौल, पंजीयन, धान की गुणवत्ता परीक्षण और अन्य प्रक्रियाओं में पहले की तरह सहयोग मिलेगा। वहीं कर्मचारी संघों ने उम्मीद जताई कि सरकार उनकी समस्याओं के समाधान पर जल्द निर्णय लेगी।

18 दिनों से बंद पड़ी व्यवस्थाओं के चलते किसानों को कई तरह की दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। प्रशासन पर भी खरीदी प्रक्रिया को समय पर पूरा कराने का दबाव बढ़ रहा था। ऐसे में हड़ताल खत्म होना किसानों और प्रशासन दोनों के लिए राहत भरी खबर है।

अब सभी कर्मचारी आज से अपने-अपने धान उपार्जन केंद्रों में उपस्थित होकर धान खरीदी कार्य को गति देने में जुट जाएंगे, जिससे आगामी दिनों में उपार्जन प्रक्रिया और तेज होने की उम्मीद है।

Share this