CG Crime: मां-बेटी पर मिर्ची हमला, पुरानी रंजिश में बढ़ा विवाद…NV News

Share this

रायपुर/(CG Crime): डीडी नगर थाना क्षेत्र के जोगी बंगला इलाके में एक चौंकाने वाली वारदात सामने आई है, जहां पुरानी रंजिश के चलते एक महिला और उसकी बेटी पर मिर्ची पाउडर फेंककर हमला किया गया। देर रात हुई इस घटना ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। पीड़ित परिवार का कहना है कि, पड़ोसियों से चल रहे विवाद के कारण लगातार तनाव बना हुआ था और इसी रंजिश में यह हमला किया गया।

जानकारी अनुसार, पीड़ित जमुना राव और उनकी बेटी तनीशा राव रोज की तरह अपने घर के बाहर आग ताप रहे थे। तभी पास में रहने वाली शना खान उर्फ शम्मी वहां पहुंची और किसी बात को लेकर तनीशा से बहस करने लगी। कुछ ही मिनटों में कहासुनी झगड़े में बदल गई। आरोप है कि शना ने फोन कर अपनी मां फिरदौस खान को बुला लिया। इसके बाद फिरदौस हाथ में मिर्ची पाउडर लेकर मौके पर आई और अचानक तनीशा के चेहरे पर पाउडर फेंक दिया।

मिर्ची पाउडर आंखों में जाते ही तनीशा दर्द और जलन से चीख उठी। इसी बीच आरोपियों ने मां-बेटी के बाल पकड़कर खींचा और उनके साथ मारपीट की। पीड़ित परिवार ने बताया कि,इस दौरान उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत बीच-बचाव किया, जिसके बाद आरोपी महिलाएं भाग निकलीं।

हमले में तनीशा की आंखों व चेहरे पर तेज जलन, खरोंच और चोटें आई हैं। स्थानीय लोगों की मदद से पीड़ितों ने तुरंत पुलिस को घटना की सूचना दी। शिकायत के आधार पर डीडी नगर थाना पुलिस ने शना खान और फिरदौस खान के खिलाफ IPC की धारा 294, 323, 506 और 34 के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस टीम आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि,मामला पड़ोसियों के बीच लंबे समय से चल रहे विवाद का परिणाम प्रतीत होता है। हालांकि जांच आगे बढ़ने पर स्पष्ट होगा कि घटना किस वजह से इतनी बढ़ गई। उधर पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया है कि आरोपी पक्ष पहले भी उन्हें धमका चुका है और कई बार मारपीट की कोशिश कर चुका है। उन्होंने सुरक्षा की मांग करते हुए जल्द कार्रवाई की गुहार लगाई है।पुलिस टीम लगातार जांच कर रही है ताकि जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार किया जा सके।

Share this

You may have missed