भिलाई में 19 वर्षीय युवती का अपहरण: रायपुर के कथित तांत्रिक ने साथियों संग घर में घुसकर किया किडनैप
Share this
भिलाई। जामुल थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ रायपुर के एक कथित तांत्रिक ने भिलाई की 19 वर्षीय युवती का अपहरण कर लिया। घटना शुक्रवार देर रात की बताई जा रही है, जब आरोपी युवक अपने 5–6 साथियों के साथ दो वाहनों में सवार होकर पीड़िता के घर पहुंचा और जबरन अंदर घुस आया। इस दौरान आरोपियों ने विरोध करने पर युवती की दादी के साथ मारपीट भी की।
परिजनों और पड़ोसियों के शोर मचाने के बावजूद आरोपी युवक युवती को बलपूर्वक पकड़कर अपने साथ ले गया। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें युवती को जबरन ले जाते हुए साफ देखा जा सकता है।
आरोपी और पीड़िता का संबंध:-
परिवार के अनुसार, पीड़िता की आरोपी तांत्रिक से लगभग ढाई वर्ष पहले पहचान हुई थी। इसी दौरान आरोपी ने डराने-धमकाने के जरिए युवती से आर्य समाज में शादी कर ली।
आरोप है कि 45 वर्षीय कथित तांत्रिक ने पिछले दो वर्षों में युवती का तीन बार जबरन गर्भपात कराया।
करीब एक महीने पहले आरोपी की पहली पत्नी की मदद से युवती किसी तरह उसके चंगुल से भागकर अपने घर लौटी थी।
पुलिस में शिकायत, जांच जारी:-
पीड़िता के परिवार ने मामले की शिकायत दुर्ग एसएसपी से की, जिसके बाद जामुल थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज कर लिया है।
एएसपी पद्मश्री तंवर ने बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और उनकी गिरफ्तारी के लिए टीम रवाना कर दी गई है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
