जिला पंचायत CEO के घर ACB की दबिश: RI प्रमोशन घोटाला जांच में बड़े खुलासों की आशंका

Share this

बेमेतरा। राज्य शासन के चर्चित पटवारी से रेवेन्यू इंस्पेक्टर (RI) पदोन्नति घोटाले की जांच में आज बड़ा एक्शन देखने को मिला। बुधवार की सुबह एसीबी टीम ने बेमेतरा जिला पंचायत सीईओ प्रेमलता पद्माकर के शासकीय आवास पर दबिश दी। 2014 बैच की राज्य प्रशासनिक सेवा (RAS) की यह अधिकारी पिछले छह माह से बेमेतरा में जिला पंचायत सीईओ के पद पर पदस्थ हैं।

 

सूत्रों के मुताबिक, एसीबी टीम सुबह ही न्यू सर्किट हाउस के पीछे अफसर कॉलोनी स्थित सरकारी बंगले पर पहुंची और तलाशी अभियान शुरू किया। टीम में शामिल अधिकारियों ने आवास में मौजूद दस्तावेज़ों, फाइलों और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की बारीकी से जांच की। सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए बेमेतरा पुलिस को भी मौके पर तैनात किया गया।

क्यों हुई दबिश?

यह कार्रवाई RI पदोन्नति घोटाले की जांच का हिस्सा है। आरोप है कि पटवारी से रेवेन्यू इंस्पेक्टर पद पर प्रोमोशन के दौरान बड़े पैमाने पर धांधली की गई।

परीक्षा से पहले प्रश्नपत्र लीक हुआ

कई पटवारियों को एक स्थान पर बैठाकर प्रश्नपत्र हल करवाया गया

एक ही परिवार के 22 लोग चयनित हुए

अफसरों पर 10-10 लाख रुपए लेकर चयन कराने के गंभीर आरोप

विभागीय परीक्षा आचार संहिता के दौरान आयोजित कर नियमों की अनदेखी

इन सभी पहलुओं की जांच एसीबी कर रही है। बताया जा रहा है कि प्रेमलता पद्माकर पूर्व में उपायुक्त भू-अभिलेख रही हैं और यहीं से RI भर्ती प्रक्रिया संचालित हुई। इसी कारण उनके निवास पर भी छापा मारा गया।

राज्यभर में ACB की बड़ी कार्रवाई:-

बुधवार को एसीबी ने प्रदेश के दर्जनभर स्थानों पर एक साथ छापे मारे। इसमें—

राजस्व विभाग के अधिकारी

कर्मचारी

प्रश्नपत्र छापने वाले प्रिंटर्स

सभी के ठिकानों पर कार्रवाई की गई है।

RI प्रमोशन घोटाले का खुलासा NPG की लगातार प्रकाशित खबरों के बाद हुआ था। दबाव बनाने के लिए पोर्टल को कई धमकी भरे मेल और मानहानि नोटिस भी भेजे गए थे, लेकिन तथ्यों के आधार पर रिपोर्टिंग जारी रहने पर सरकार ने जांच की घोषणा की और एसीबी को जिम्मेदारी सौंपी।

जांच जारी है और आने वाले समय में बड़े खुलासे संभव हैं।

Share this

You may have missed