करोड़ों की डकैती की साजिश का खुलासा: AAP प्रत्याशी रहा मास्टरमाइंड गिरफ्तार, 19 आरोपी सलाखों के पीछे
Share this
कोरबा। बालको थाना क्षेत्र के ग्राम तरईडांड में किसान शत्रुघ्न दास के घर डकैती की बड़ी साजिश का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने इस सनसनीखेज मामले में कुल 19 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में खुलासा हुआ कि आरोपियों ने घर में करोड़ों रुपए होने की जानकारी मिलते ही संगठित गैंग बनाकर डकैती का प्लान तैयार किया था।
एसपी सिद्धार्थ तिवारी ने बताया कि 11 नवंबर की रात कुछ लोग हथियारों के साथ किसान शत्रुघ्न दास के घर पहुंचे। उन्होंने परिवार को धमकाकर बंधक बनाया, घर के कई हिस्सों को खोदा और रुपए के बारे में लगातार पूछताछ की। रुपए न मिलने पर आरोपी मारपीट करते हुए मौके से भाग गए।
शिकायत मिलते ही एएसपी नीतिश ठाकुर, सीएसपी भूषण एक्का व अन्य अधिकारियों की टीमों ने ग्रामीणों से पूछताछ, तकनीकी विश्लेषण और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पूरे गिरोह की पहचान की। 50 सदस्यीय टीम ने लगातार 5 दिन तक जांच चलाकर मामले को सुलझाया।
पहले की थी रेकी:-
जांच से पता चला कि 6 नवंबर को गैंग ने पहले गांव में रेकी की थी। उन्हें जानकारी मिली कि शत्रुघ्न दास की बेटी, जो पूर्व मुख्यमंत्री की उपसचिव रही अधिकारी सौम्या चौरसिया की क्लासमेट है, वह कभी सौम्या के घर में रहती थी। मुख्य आरोपी चंदकांत डिसेना को शक था कि पीड़ित परिवार के घर में सौम्या के करोड़ों रुपए छिपे हैं। इसी नीयत से गैंग ने डकैती की योजना बनाई।
गैंग का मास्टरमाइंड AAP प्रत्याशी:-
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार मुख्य आरोपी चंदकांत डिसेना पूर्व में आम आदमी पार्टी (AAP) से विधानसभा चुनाव लड़ चुका है। उसी ने साहेब दास, गोरेलाल पटेल, पवनपूजन सिंह सहित अन्य आरोपियों को साथ मिलाकर डकैती की पूरी साजिश तैयार की।
अस्पताल में हंगामा, ‘पुलिस चोर है’ के नारे:-
जब आरोपियों को मुलाहिजा के लिए जिला अस्पताल लाया गया, तो वहां बड़ी संख्या में परिजन पहुंचकर हंगामा करने लगे। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस ने फर्जी कार्रवाई की है और निर्दोष लोगों को फंसाया जा रहा है। अस्पताल परिसर में ‘पुलिस चोर है’ के नारे भी लगाए गए।
हालांकि पुलिस का कहना है कि गिरफ्तारी तकनीकी साक्ष्य, सीसीटीवी रिकॉर्ड, मोबाइल लोकेशन, एवं मुखबिर सूचना के आधार पर की गई है।
इन धाराओं में मामला दर्ज:-
पुलिस ने आरोपियों पर
BNS की धारा 310(2), 310(4), 61,
तथा 25, 27 Arms Act के तहत केस दर्ज किया है।
ये 19 आरोपी गिरफ्तार हुए:-
1. साहिब दास महंत (44), तरईडांड
2. विदेशी दास (36), तरईडांड
3. सुनील दास महंत (25), तरईडांड
4. नंदकिशोर राठौर (34), जांजगीर
5. पवनपूजन सिंह (45), कोरबा
6. संतोष श्रीवास (48), जांजगीर
7. उमेश सिंह ठाकुर (31), जांजगीर
8. समार सिंह (60), कोरबा
9. कलेश्वर सिंह (27), जांजगीर
10. रतिराम सिंह (54), कोरबा
11. चंदकांत डिसेना (39), कोरबा
12. नरसिंह दास (40), कोरबा
13. श्याम जायसवाल (28), कोरबा
14. गोरेलाल पटेल (36), कोरबा
15. रितेश श्याम (46), कोरबा
16. गुनितराम पटेल (60), कोरबा
17. शंकर पटेल (28), कोरबा
18. प्रदीप यादव (23), कोरबा
19. अर्जुन विश्वकर्मा (19), कोरबा
पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड, वाहनों और हथियारों की जांच में जुटी है।
