दुर्ग में करंट हादसा: स्वास्तिक इंजीनियरिंग वर्क्स के मजदूर की मौत, कंपनी ने दिया 5 लाख मुआवजा

Share this

दुर्ग। जिले के जामुल थाना क्षेत्र में सोमवार को बड़ा हादसा हो गया, जहां स्वास्तिक इंजीनियरिंग वर्क्स में काम करने वाले मजदूर की करंट लगने से मौत हो गई। हादसे के बाद फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी मच गई।

मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान नवल पटेल (25 वर्ष) के रूप में हुई है, जो दुर्ग छावनी क्षेत्र का निवासी था। वह पिछले एक वर्ष से स्वास्तिक इंजीनियरिंग वर्क्स में मजदूर के रूप में कार्यरत था।

12 नवंबर की सुबह रोजाना की तरह नवल अपने काम में व्यस्त था। इसी दौरान क्रेन का हुक ऊपर से गुजर रहे हाई-वोल्टेज बिजली तार से टकरा गया, जिससे करंट पूरे सिस्टम में फैल गया। नवल बिजली की चपेट में आने से गंभीर रूप से झुलस गया और मौके पर ही गिर पड़ा।

सहकर्मियों और कंपनी प्रबंधन ने तुरंत उसे भिलाई के एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की जानकारी मिलते ही परिजन फैक्ट्री पहुंचे और मुआवजे की मांग को लेकर हंगामा करने लगे। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को भी मौके पर पहुंचना पड़ा।

TI रामेन्द्र सिंह ने बताया कि हादसे की जांच की जा रही है। वहीं, परिजनों की नाराजगी को देखते हुए कंपनी प्रबंधन ने तत्काल 5 लाख रुपये मुआवजे की घोषणा की है।

फिलहाल पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई जारी है।

Share this

You may have missed