दिनदहाड़े ज्वैलर्स की दुकान से 36 लाख की उठाईगिरी — सीसीटीवी में कैद हुए आरोपी

Share this

खरौद। नगर पंचायत खरौद के मुख्य बाजार में सोमवार दोपहर एक बड़ी उठाईगिरी की वारदात सामने आई है। एसके ज्वैलर्स नामक दुकान से दो युवकों ने सोने की चेन देखने के बहाने करीब 36 लाख रुपए मूल्य के 300 ग्राम सोने की चेन लेकर फरार हो गए।

जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 1 बजे बिना नंबर की पल्सर बाइक पर सवार दो युवक दुकान पहुंचे। उनमें से एक युवक दुकान के अंदर गया और संचालक भूरेलाल सोनी से सोने की चेन दिखाने को कहा। जैसे ही दुकानदार चेन दिखा रहे थे, तभी मौका पाकर युवक ने डिब्बे में रखी सभी चेन उठाई और बाहर भाग निकला। बाहर पहले से खड़े उसके साथी ने बाइक स्टार्ट रखी थी। दोनों आरोपी बिलासपुर की दिशा में फरार हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि एक आरोपी ने काली टोपी, सफेद शर्ट और लाल रंग का बैग टांगा हुआ था, जबकि दूसरे ने गमछे से चेहरा ढका हुआ था। घटना के तुरंत बाद खरौद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र में नाकाबंदी कर दी।

दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरी वारदात कैद हो गई है, जिसमें एक आरोपी का चेहरा स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। पुलिस ने फुटेज अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है और आसपास के अन्य कैमरों की भी फुटेज खंगाली जा रही है।

प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि दोनों युवकों ने योजना बनाकर यह वारदात की थी और बिना नंबर प्लेट की बाइक का उपयोग जानबूझकर किया गया था ताकि पहचान न हो सके।

फिलहाल पुलिस आसपास के जिलों में सतर्कता बढ़ा रही है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

Share this

You may have missed