टीएस सिंहदेव का बड़ा बयान: अजय चंद्राकर पर एफआईआर दर्ज कराने की कही बात, छत्तीसगढ़ियावाद पर दी खुली प्रतिक्रिया
Share this
अंबिकापुर: छत्तीसगढ़ की राजनीति में इस समय जुबानी जंग तेज़ हो गई है। अंबिकापुर में पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने भाजपा विधायक अजय चंद्राकर के बयानों पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा, “कभी-कभी लगता है अजय चंद्राकर के खिलाफ एफआईआर दर्ज करा दूं, लेकिन उनसे मित्रवत व्यवहार है। फिर भी इतनी हल्की बयानबाजी नहीं करनी चाहिए।”
सिंहदेव ने यह प्रतिक्रिया उस बयान पर दी, जिसमें अजय चंद्राकर ने कहा था कि “टीएस सिंहदेव के पास तो लाइसेंसी हथियार भी है।”
इस पर टीएस सिंहदेव ने पलटवार करते हुए कहा कि इस तरह की असंवेदनशील टिप्पणियां राजनीतिक मर्यादा से परे हैं।
कांग्रेस टैलेंट हंट पर बोले सिंहदेव – युवाओं के लिए शानदार अवसर
टीएस सिंहदेव ने कांग्रेस के ‘टैलेंट हंट अभियान’ पर भी बात की। उन्होंने कहा कि यह अभियान उन युवाओं के लिए सुनहरा मौका है, जो तर्कपूर्ण ढंग से राजनीति में अपनी भूमिका निभाना चाहते हैं।
उन्होंने कहा, “जो युवा जनता की बातों को सही तर्क के साथ रखना चाहते हैं, उनके लिए यह एक उत्कृष्ट प्लेटफॉर्म है।”
छत्तीसगढ़ियावाद पर सिंहदेव का बड़ा बयान – “जो यहां रह गया, वो छत्तीसगढ़िया हो गया”
छत्तीसगढ़ियावाद पर दिए गए बयानों को लेकर भी टीएस सिंहदेव ने स्पष्ट रुख अपनाया। उन्होंने कहा,
“छत्तीसगढ़ियावाद का कोई भी जनक हो, लेकिन जो भी देश के कानून के तहत यहां आकर रह रहा है, उसे यहां रहने का पूर्ण अधिकार है। यदि किसी का शोषण हो रहा है तो बात अलग है, मगर जो यहां रह गया, वो छत्तीसगढ़िया है।”
सिंहदेव ने अमित बघेल को भी जवाब देते हुए कहा कि, “वे बुद्धिपूर्वक बातें करें, उनके पूर्वज खुद कितने साल पहले यहां आए थे, यह भी देखना चाहिए।”
अजय चंद्राकर का पलटवार – “कांग्रेस में खूनी जंग, सिंहदेव के पास हथियार भी है”
भाजपा विधायक अजय चंद्राकर ने कांग्रेस नेताओं की आपसी बयानबाज़ी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि,
“कांग्रेसी अब एक-दूसरे के खून के प्यासे हो गए हैं। मस्तूरी में एक कांग्रेसी ने दूसरे कांग्रेसी को गोली मारी है। कांग्रेस अब मौखिक नहीं, खूनी लड़ाई लड़ रही है। टीएस सिंहदेव के पास तो लाइसेंसी हथियार भी है।”
उन्होंने आगे कहा कि, “अग्रवाल और सिंधी समाज की भावनाएं आहत करने पर अमित बघेल की गिरफ्तारी होनी चाहिए। देश और प्रदेश के निर्माण में हर समुदाय का योगदान है, द्वेषपूर्ण शब्दों की राजनीति नहीं चलनी चाहिए।”
दीपक बैज का जवाब – “अजय चंद्राकर पूरी तरह फ्रस्ट्रेटेड हैं”
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने अजय चंद्राकर के आरोपों पर कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा,
“अजय चंद्राकर पूरी तरह से फ्रस्ट्रेटेड हैं। उन्हें पहले अपने मंत्री से पूछना चाहिए, जिनके समर्थक गोलीकांड में शामिल थे। प्रदेश की आपराधिक घटनाओं में भाजपा नेताओं की संलिप्तता सामने आ रही है।”
उन्होंने यह भी कहा कि, “भाजपा शासन आने के बाद छत्तीसगढ़ की शांति भंग हुई है। कवर्धा में आगजनी, बलरामपुर में थाने में हत्या, छत्तीसगढ़ महतारी की मूर्ति तोड़ने जैसी घटनाएं भाजपा की राजनीति का परिणाम हैं।”
