Kawardha News: राज्योत्सव विवाद, भाजपा कार्यकर्ता राकेश यादव पर FIR दर्ज, पुलिस की टीम कर रही तलाश

Share this

कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में बीते दिनों आयोजित राज्योत्सव कार्यक्रम के दौरान पुलिस और भाजपा नेताओं के बीच हुए विवाद का मामला अब और गहराता जा रहा है। इस विवाद में अब एक नया और बड़ा मोड़ सामने आया है। कवर्धा पुलिस ने भाजपा कार्यकर्ता राकेश यादव के खिलाफ गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज की है। बताया जा रहा है कि विवाद के बाद से राकेश यादव फरार चल रहा है और पुलिस की टीम उसकी लगातार तलाश कर रही है।

जानकारी के अनुसार, राज्योत्सव के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक और धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई थी। इस दौरान पुलिस पर अभद्रता करने और सरकारी काम में बाधा डालने के आरोप भाजपा कार्यकर्ताओं पर लगे हैं। इसी कड़ी में थाना प्रभारी योगेश कश्यप ने भाजपा कार्यकर्ता राकेश यादव के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाई, जिसमें उन्होंने आरोप लगाया है कि राकेश यादव ने कार्यक्रम के दौरान उन्हें वर्दी उतरवाने की धमकी दी थी।

विवाद के बाद से भाजपा कार्यकर्ता राकेश यादव अंडरग्राउंड हो गया है, जबकि पुलिस की कई टीमें उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही हैं। वहीं, इस पूरे प्रकरण को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में नाराजगी देखी जा रही है। पार्टी नेताओं का कहना है कि पुलिस प्रशासन एकतरफा कार्रवाई कर रहा है।

इस बीच, कवर्धा पुलिस का कहना है कि मामले की जांच निष्पक्ष रूप से की जा रही है और जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Share this