CG Crime: मजिस्ट्रेट ऑफिस से हथकड़ी तोड़कर भागे दो बदमाश, पुलिस में हड़कंप…NV News
Share this
बिलासपुर/(CG Crime): चकरभाठा थाना पुलिस की बड़ी लापरवाही सामने आई है। शनिवार को मजिस्ट्रेट ऑफिस में पेशी के लिए लाए गए दो बदमाश पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए। दोनों आरोपियों के भागते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। फिलहाल पुलिस की कई टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हैं।
जानकारी अनुसार, चकरभाठा पुलिस ने शनिवार सुबह तेलसरा गांव से दो युवकों को प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद दोनों को पेशी के लिए मजिस्ट्रेट कार्यालय लाया गया। बताया जा रहा है कि उस समय अधिकारी मौजूद नहीं थे, जिससे पुलिसकर्मी आरोपियों को वहीं इंतजार कराने लगे। इसी दौरान दोनों बदमाशों ने मौका पाकर हथकड़ी से खुद को छुड़ाया और भाग निकले।
आरोपियों के फरार होते ही पुलिसकर्मी सकते में आ गए। जवानों ने तुरंत इसकी सूचना उच्च अधिकारियों को दी। कुछ ही देर में थाने से अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा और इलाके में नाकेबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया गया। पुलिस ने आसपास के इलाकों में सर्च ऑपरेशन चलाया और आरोपियों के संभावित ठिकानों पर दबिश दी, लेकिन देर रात तक दोनों फरार रहे।
सूत्रों के अनुसार, फरार हुए आरोपी क्षेत्र में पहले भी आपराधिक गतिविधियों में शामिल रह चुके हैं। पुलिस ने उनके परिजनों को भी चेतावनी दी है कि यदि आरोपी घर लौटते हैं या संपर्क करते हैं, तो तुरंत सूचना दी जाए।
घटना के बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित पुलिसकर्मियों से जवाब-तलब किया है। फिलहाल यह जांच की जा रही है कि आखिर मजिस्ट्रेट ऑफिस में सुरक्षा चूक कैसे हुई और आरोपी हथकड़ी खोलकर कैसे भाग निकले।
इस घटना ने न केवल पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं, बल्कि शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी चिंता बढ़ा दी है।
