Jaspur Crime News जंगल में अधजले शव से मचा हड़कंप, जशपुर पुलिस ने सुलझाई रहस्यमयी गुत्थी — तीन गिरफ्तार, दो फरार

Share this

जशपुर। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के तुरीटोंगरी जंगल में मिले अधजले शव की रहस्यमयी गुत्थी आखिरकार पुलिस ने सुलझा ली है। जांच में सामने आया है कि युवक की हत्या उसके ही दोस्तों ने कमीशन के पैसों के बंटवारे को लेकर कर दी थी। पहचान छिपाने के इरादे से आरोपियों ने शव पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी थी। पुलिस ने एक नाबालिग समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो अन्य आरोपी अब भी फरार हैं।

18 अक्टूबर को जंगल में मिला था अधजला शव, फैली थी सनसनी:-

18 अक्टूबर को जशपुर के पुराना नगर स्थित तुरीटोंगरी जंगल के भीतर एक अज्ञात युवक का अधजला शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया था। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने देखा कि शव को गड्ढे में डालकर जलाया गया था और चेहरा पूरी तरह झुलस चुका था, जिससे मृतक की पहचान करना बेहद कठिन था।

पुलिस ने हत्या का संदेह जताते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) और 238(क) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की थी।

तकनीकी जांच से खुली पहचान, गुमशुदा रिपोर्ट ने जोड़ा सुराग:-

पहचान की दिशा में पुलिस ने आसपास के सभी थानों में मृतक की तस्वीरें भेजीं और गुमशुदगी दर्ज मामलों की जांच शुरू की। इसी दौरान तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर शव की पहचान ग्राम सीटोंगा निवासी सीमित खाखा (28 वर्ष) के रूप में हुई।

जांच में पता चला कि सीमित कुछ दिन पहले अपने गांव के साथियों के साथ झारखंड के हजारीबाग में मजदूरी के लिए गया था, लेकिन वह वापस नहीं लौटा।

संदेह के घेरे में आए साथी, तीन आरोपी पुलिस गिरफ्त में:-

शक के आधार पर पुलिस ने सीमित के साथ गए उसके तीन साथियों – रामजीत राम (25 वर्ष), वीरेंद्र राम (24 वर्ष) और एक 17 वर्षीय नाबालिग को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान पुलिस के सामने पूरी वारदात की परतें खुल गईं।

कमीशन के पैसों पर हुआ विवाद, शराब पार्टी में ली जान:-

आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि झारखंड से लौटने के बाद उन्हें किए गए काम के कमीशन के पैसों को लेकर सीमित से विवाद हो गया था।

17 अक्टूबर की शाम सभी बांकीटोली नदी पुलिया के पास स्थित श्मशान घाट के पास शराब पी रहे थे। इसी दौरान पैसों को लेकर झगड़ा इतना बढ़ गया कि वीरेंद्र राम ने लोहे की छड़ से सीमित के सिर पर वार किया, और रामजीत राम ने चाकू से उसकी छाती पर प्रहार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

हत्या के बाद तीनों ने शव को पुराना नगर तुरीटोंगरी के जंगल में ले जाकर गड्ढे में फेंका और पेट्रोल डालकर आग लगा दी, ताकि कोई पहचान न कर सके।

पुलिस की सक्रियता से खुली वारदात, दो आरोपी अब भी फरार:-

जशपुर पुलिस की सक्रियता और तकनीकी जांच की मदद से मामला सुलझा लिया गया है। तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है, वहीं दो अन्य फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

Share this

You may have missed