CG Nagar Kangal: डीजल खत्म,JCB ठप,पार्षदों ने लगाया धक्का-बोले “निगम कंगाल!”…NV News

Share this

धमतरी/(CG Nagar Kangal): नगर निगम में डीजल संकट अब खुलेआम सड़कों पर दिखने लगा है। सोमवार सुबह निगम की एक जेसीबी बीच हाईवे पर डीजल खत्म होने से ठप हो गई। मामला सोरिद वार्ड का है, जहां सफाई कार्य के दौरान निगम की जेसीबी अचानक रुक गई और जाम की स्थिति बन गई। इस घटना का वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गईं, जिससे नगर निगम की आर्थिक स्थिति को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।

जानकारी अनुसार, जेसीबी सोरिद वार्ड में नाली सफाई के काम में लगी हुई थी। अचानक बीच सड़क पर ही उसका इंजन बंद हो गया। ड्राइवर ने जांच की तो पता चला कि टैंक पूरी तरह खाली है। स्थिति संभालने के लिए मौके पर पहुंचे पार्षदों और निगम कर्मचारियों को खुद वाहन को धक्का लगाना पड़ा। आसपास मौजूद लोगों ने यह नजारा अपने मोबाइल में कैद कर लिया और कुछ ही देर में वीडियो सोशल मीडिया पर फैल गया।

बता दें,इस घटना ने नगर निगम की व्यवस्था पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पार्षदों ने आरोप लगाया कि निगम के पास अब डीजल खरीदने तक के पैसे नहीं बचे हैं। पार्षदों का कहना है कि कई बार अधिकारियों को डीजल की कमी की जानकारी दी गई थी, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा, “निगम की आर्थिक हालत इतनी खराब हो चुकी है कि अब मशीनें भी सड़कों पर रुक रही हैं। अगर यही हाल रहा तो सफाई व्यवस्था पूरी तरह ठप हो जाएगी।”

दूसरी ओर, निगम अधिकारियों का कहना है कि डीजल की आपूर्ति में अस्थायी दिक्कत आई है, जिसे जल्द ही दूर किया जाएगा। अधिकारी ने बताया कि टेंडर प्रक्रिया के कारण डीजल सप्लाई में विलंब हुआ है, लेकिन अगले 24 घंटे में स्थिति सामान्य हो जाएगी।

स्थानीय नागरिकों ने भी नगर निगम की लापरवाही पर नाराजगी जताई है। लोगों का कहना है कि सफाई व्यवस्था पहले से ही धीमी चल रही थी, अब ऐसे हालात से जनता को और परेशानी होगी।

सोशल मीडिया पर यह घटना चर्चा का विषय बनी हुई है,जहां एक ओर लोग निगम की आर्थिक स्थिति पर तंज कस रहे हैं, वहीं कुछ लोग पार्षदों के “धक्का मिशन” को भी ट्रोल कर रहे हैं।

Share this

You may have missed