CG Risali Temple Dispute: लाठी-डंडों से भिड़े दो गुट, पुजारी समेत कई घायल…NV News
Share this
दुर्ग/(CG Risali Temple Dispute): रिसाली में मंगलवार सुबह मंदिर के स्वामित्व को लेकर दो समितियों के बीच पुराना विवाद एक बार फिर हिंसक रूप ले लिया। बात इतनी बढ़ी कि दोनों पक्षों के लोगों ने एक-दूसरे पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस झड़प में पुजारी सहित कई लोग घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति पर काबू पाया।
जानकारी अनुसार, रिसाली के एक प्राचीन मंदिर का स्वामित्व और प्रबंधन अधिकार को लेकर दो समितियों के बीच पिछले कई वर्षों से तनातनी चल रही है। दोनों पक्ष अपने-अपने समर्थन में मंदिर के संचालन और चढ़ावे पर अधिकार जताते रहे हैं। बताया जा रहा है कि मंगलवार सुबह करीब 11 बजे एक पक्ष के लोगों ने मंदिर परिसर में बैठक बुलाई थी। तभी दूसरे पक्ष के सदस्य भी वहां पहुंच गए और दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
देखते ही देखते बात हाथापाई में बदल गई और दोनों ओर से लाठी-डंडे चलने लगे। इस दौरान मंदिर के पुजारी समेत कई लोग घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन स्थिति बेकाबू हो गई। घटना की सूचना मिलते ही रिसाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बड़ी मुश्किल से दोनों गुटों को अलग किया।
पुलिस ने घायल लोगों को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया और मंदिर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है। मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि दोबारा कोई अप्रिय स्थिति न बने। फिलहाल पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ मारपीट और शांति भंग करने का मामला दर्ज किया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह विवाद कई बार पंचायत और प्रशासन स्तर पर भी उठाया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकल पाया। वहीं पुलिस का कहना है कि सभी पक्षों से बयान लेकर मामले की जांच की जा रही है। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
