CG illegal business: पेट्रोल-डीजल का अवैध कारोबार ध्वस्त, टैंकर- ड्रम जब्त…NV News 

Share this

रायपुर/(CG illegal business): राजधानी रायपुर के विधानसभा थाना क्षेत्र में लंबे समय से चल रहे पेट्रोल-डीजल के अवैध कारोबार का पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। बुधवार देर रात क्राइम ब्रांच और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने दो अलग-अलग जगहों पर दबिश देकर 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया। कार्रवाई में चार टैंकर, कई ड्रम, पाइप और अन्य सामग्री जब्त की गई, जिसकी कीमत करीब 4.30 लाख रुपये बताई जा रही है।

पहला छापा–सूरज शाह का यार्ड:

पुलिस ने सबसे पहले रिंग रोड नंबर तीन, पिरदा चौक स्थित सूरज शाह के यार्ड पर छापा मारा। यहां पर पेट्रोल-डीजल का अवैध भंडारण किया जा रहा था।

पुलिस के अनुसार, सूरज शाह के साथ अखिलेश चौबे, नीरज कुमार, अरविंद गोड और रोहित बघेल इस कारोबार में शामिल थे। मौके से कई ड्रम और टैंकर जब्त किए गए जिनकी कीमत करीब 1.40 लाख रुपये आंकी गई।

कार्रवाई के दौरान मुख्य आरोपी सूरज शाह फरार हो गया, जबकि अन्य चार को मौके से गिरफ्तार किया गया। जब्त किए गए सभी ड्रमों से सैंपल लेकर फोरेंसिक जांच के लिए भेजे गए हैं।

दूसरा छापा–टेकारी चौक:

इसके बाद टीम ने रिंग रोड नंबर तीन, टेकारी चौक स्थित उमेश साव के यार्ड पर दबिश दी। यहां भी बड़े पैमाने पर पेट्रोल-डीजल और अन्य ज्वलनशील तरल पदार्थों का अवैध भंडारण किया जा रहा था। पुलिस ने यहां से उमेश साव, शैलेन्द्र साव, शेख कलीम उद्दीन, राज पटेल, नीरज नेताम और रवि यादव को गिरफ्तार किया।

जब्त सामग्री की कीमत लगभग 2.90 लाख रुपये आंकी गई। आरोपियों के पास किसी भी तरह का वैध लाइसेंस या दस्तावेज नहीं मिले।

पुलिस ने दर्ज किया केस:

पुलिस ने दोनों जगहों से जब्त माल को सीज कर आवश्यक वस्तु अधिनियम (Essential Commodities Act) के तहत मामला दर्ज किया है। साथ ही, दो बड़े प्लास्टिक पाइप भी जब्त किए गए हैं जिनका उपयोग तेल निकालने और भरने में किया जा रहा था। फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और फरार सूरज शाह की तलाश में पुलिस टीम दबिश दे रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि लंबे समय से इस तरह के अवैध कारोबार की शिकायतें मिल रही थीं। लगातार निगरानी और सूचना तंत्र के आधार पर कार्रवाई की गई। जांच पूरी होने के बाद और भी नाम सामने आ सकते हैं।

Share this

You may have missed