Raipur Road Safety: लग्जरी कारों पर हुड़दंग, खतरनाक स्टंट का वीडियो वायरल…NV News
Share this
Raipur Road Safety: राजधानी की सड़कों पर देर रात हुड़दंगियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार रात एक्सप्रेस-वे पर कई लग्जरी गाड़ियों में सवार युवकों का खतरनाक करतब करते हुए वीडियो वायरल हुआ। वीडियो में युवक तेज रफ्तार गाड़ियों से रास्ता घेरते, कार की खिड़की और सनरूफ से बाहर लटककर खतरनाक स्टंट करते दिखाई दे रहे हैं। यह नजारा इतना खतरनाक था कि अन्य वाहन चालकों को अपनी गाड़ियां रोकनी पड़ीं।
दरअसल,हुड़दंग का यह सिलसिला केवल एक्सप्रेस-वे तक सीमित नहीं रहा। बूढ़ापारा, केनाल रोड, मंदिर हसौद से लेकर रसनी टोल प्लाजा तक इन युवकों ने देर रात तक उत्पात मचाया, जिससे आम लोगों और वाहन चालकों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी। इससे पहले भी रायपुर-बिलासपुर हाईवे पर लग्जरी गाड़ियों का काफिला सड़क जाम कर जन्मदिन मनाता देखा गया था, जिसका वीडियो वायरल होने पर लोगों में गुस्सा फैल गया था।
लगातार मिल रही शिकायतों और वायरल वीडियोज को देखते हुए बिलासपुर हाई कोर्ट ने पहले ही स्वतः संज्ञान लेकर रायपुर पुलिस को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद प्रशासन की कार्रवाई केवल चालान काटने तक ही सीमित रही, जिससे हुड़दंगियों के हौसले और बढ़ गए हैं।
हाल ही में बिलासपुर हाईवे पर भी युवकों ने कार की खिड़की और सनरूफ से बाहर निकलकर स्टंट किया था। इस मामले में प्रशासन ने चालान काटकर औपचारिक कार्रवाई की थी, जिस पर हाई कोर्ट ने नाराजगी जताई और बिना अनुमति वाहनों को न छोड़ने का आदेश दिया था।
तेज रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग के कारण प्रदेश में सड़क हादसे बढ़ते जा रहे हैं। हाल ही में मंत्री और भाजपा नेता केदार कश्यप के भतीजे की नवा रायपुर में तेज रफ्तार बाइक हादसे में मौत हो गई थी। शनिवार को भी डोंगरगढ़ से लौटते समय तेज रफ्तार बाइक सवार दो युवकों की पिकअप ट्रक से भिड़ंत में मौके पर ही मौत हो गई।
लगातार बढ़ते ऐसे हादसों और वायरल वीडियोज के बावजूद प्रशासन की ढिलाई पर सवाल उठ रहे हैं। आम लोगों की मांग है कि इन स्टंटबाजों पर कड़ी कार्रवाई हो, ताकि सड़कें फिर से सुरक्षित बन सकें।
