CG Suicide Case: दुर्गा पंडाल के पंडा ने फांसी लगाकर दी जान, दशहरा उत्सव फीका…NV News

Share this

धमतरी/(CG Suicide Case): जिले के अर्जुनी थाना क्षेत्र के ग्राम धौराभाठा में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक घटना सामने आई। यहां दुर्गा पंडाल में पंडा की जिम्मेदारी निभा रहे विनोद कुमार ध्रुव (35) ने फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। इस घटना से पूरे गांव में मातम का माहौल है और लोग स्तब्ध हैं।

अर्जुनी थाना पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, हर साल की तरह इस बार भी ग्राम धौराभाठा में धूमधाम से दुर्गा उत्सव का आयोजन किया जा रहा था। विनोद कुमार ध्रुव, जो गांव में दुर्गा पंडाल में पंडा की बने थे, ने शुक्रवार शाम तक उत्सव की तैयारियों में जुटे हुए थे। लेकिन देर रात उन्होंने अचानक पंडाल के पास स्थित एक घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

गांव के कुछ लोगों ने जब उन्हें देर रात तक नहीं देखा, तो खोजबीन शुरू की। उसी दौरान पास के एक कमरे में उनका शव फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना तुरंत अर्जुनी थाना पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतारकर पंचनामा किया। इसके बाद शव को पीएम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।

फिलहाल आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। ग्रामीणों के अनुसार,पुलिस इस मामले में जांच कर रही है और परिजनों एवं करीबी लोगों से पूछताछ की जा रही है।

इस घटना के बाद दुर्गा उत्सव की खुशियां मातम में बदल गई हैं। जिस पंडाल में मां दुर्गा की आराधना की जा रही थी, वहां अब गम का माहौल है। ग्रामीणों ने बताया कि विनोद धार्मिक आयोजनों में हमेशा सक्रिय रहते थे और उनका व्यवहार शांत स्वभाव का था। उनकी अचानक मौत से सभी स्तब्ध हैं।

अर्जुनी थाना प्रभारी ने बताया कि पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा कि घटना के पीछे असली कारण क्या था। वहीं पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आगे की जांच शुरू कर दी है।

इस दुखद घटना के चलते धौराभाठा में दशहरा और दुर्गा उत्सव की रौनक फीकी पड़ गई है। गांव के लोग अब सिर्फ यही सवाल कर रहे हैं कि आखिर क्या वजह रही, जिसने विनोद को यह कदम उठाने पर मजबूर किया।

Share this

You may have missed