Railway action:50 साल पुराने अतिक्रमण पर चला बुलडोजर…NV News 

Share this

दुर्ग/(Railway action): कुम्हारी रेलवे स्टेशन जाने वाले मार्ग पर दशकों से जमे अवैध कब्जों को हटाने के लिए रेलवे प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की। शुक्रवार को रेलवे की टीम ने सड़क के दोनों ओर बसे लगभग 31 कब्जाधारियों के मकानों और दुकानों पर बुलडोजर चलाकर जगह को खाली कराया। ये अतिक्रमण करीब 50 वर्षों से बने हुए थे, जिससे सड़क का चौड़ीकरण और सौंदर्यीकरण का काम अटका हुआ था।

कार्रवाई के दौरान रेलवे के उच्च अधिकारी, भिलाई-3 तहसीलदार, कुम्हारी नगर पालिका के राजस्व निरीक्षक, रेलवे सुरक्षा बल (RPF), सरकारी रेलवे पुलिस (GRP) और स्थानीय पुलिस के जवान मौके पर मौजूद रहे। भारी पुलिस बल की तैनाती के चलते स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में रही।

रेलवे प्रशासन के अनुसार, कुम्हारी रेलवे स्टेशन रोड को चौड़ा करने और शहर की कनेक्टिविटी सुधारने की योजना लंबे समय से अटकी हुई थी। रेलवे ने इन कब्जाधारियों को कई बार नोटिस जारी कर खुद ही जगह खाली करने के निर्देश दिए थे, लेकिन बार-बार चेतावनी देने के बाद भी कब्जा नहीं हटाया गया। अंततः मजबूर होकर रेलवे ने शुक्रवार सुबह कार्रवाई शुरू की।

रेलवे के असिस्टेंट डिविजन इंजीनियर (ADEN) असाटी ने बताया कि इन अवैध निर्माणों के कारण यात्रियों और स्थानीय लोगों को काफी परेशानी हो रही थी। शिकायतें लगातार मिल रही थीं। उन्होंने कहा, “हमने कब्जाधारियों को समय पर नोटिस देकर जगह खाली करने का अवसर दिया था। इसके बावजूद जब कब्जा नहीं हटाया गया, तब नियमों के तहत तोड़फोड़ की गई।”

स्थानीय निवासियों का कहना है कि सड़क के दोनों किनारों पर बनी झोपड़ियां और दुकानें न केवल ट्रैफिक जाम की वजह बन रही थीं बल्कि क्षेत्र की सुंदरता भी बिगाड़ रही थीं। कार्रवाई के बाद अब सड़क चौड़ीकरण का रास्ता साफ हो गया है।

रेलवे अधिकारियों का कहना है कि अब जल्द ही रोड को चौड़ा किया जाएगा और कुम्हारी रेलवे स्टेशन तक बेहतर कनेक्टिविटी उपलब्ध कराई जाएगी। इससे यात्रियों को आसानी होगी और इलाके का विकास भी तेज होगा।

इस कार्रवाई से जहां कई लोग नाराज दिखे, वहीं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने रेलवे की पहल का स्वागत किया और उम्मीद जताई कि जल्द ही कुम्हारी स्टेशन रोड नई शक्ल में नजर आएगा।

Share this

You may have missed