8th Pay Commission: 2026 से बढ़ सकती है सैलरी, 20–35% तक इजाफे की उम्मीद, जानिए कब मिलेगा फायदा
Share this
नई दिल्ली: केंद्र सरकार के कर्मचारी और पेंशनर्स लंबे समय से 8वें वेतन आयोग (8th Pay Commission) को लेकर बड़ी उम्मीदें लगाए बैठे हैं। माना जा रहा है कि नए वेतन आयोग के लागू होने से कर्मचारियों की सैलरी में अच्छी-खासी बढ़ोतरी होगी, जिससे वे अपनी भविष्य की आर्थिक योजना बेहतर ढंग से बना सकेंगे।
गौरतलब है कि 7वें वेतन आयोग का कार्यकाल 31 दिसंबर 2025 को समाप्त हो रहा है। ऐसे में अनुमान लगाया जा रहा है कि 8वां वेतन आयोग 1 जनवरी 2026 से प्रभावी हो सकता है। हालांकि, केंद्र सरकार की ओर से अब तक वेतन संशोधन, बकाया भुगतान या लागू होने की तारीख को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
कब लागू होगा 8वां वेतन आयोग?
पिछले वेतन आयोगों के ट्रेंड को देखें तो एक आयोग का कार्यकाल समाप्त होते ही अगला आयोग प्रभावी माना गया है। इसी आधार पर एक्सपर्ट्स का मानना है कि भले ही 8वें वेतन आयोग की सिफारिशों को लागू करने में कुछ महीनों की देरी हो, लेकिन प्रभावी तिथि जनवरी 2026 ही रह सकती है।
वित्त मंत्रालय ने नवंबर 2025 में 8वें वेतन आयोग को रिपोर्ट पेश करने के लिए 18 महीने का समय दिया था। ऐसे में इसकी सिफारिशें 2027 के मध्य तक आने की संभावना है। विशेषज्ञों का कहना है कि प्रभावी तारीख और कर्मचारियों के बैंक खातों में पैसा पहुंचने के बीच अंतर रह सकता है।
सैलरी और बकाया भुगतान में हो सकती है देरी
ठीक ऐसा ही हाल 7वें वेतन आयोग में भी देखा गया था। उस समय वेतन संशोधन जनवरी 2016 से लागू हुआ था, लेकिन कैबिनेट की मंजूरी जून 2016 में मिली और बकाया राशि का भुगतान बाद के महीनों में किया गया था।
इसी तरह, 8वें वेतन आयोग के तहत भुगतान 2026–27 में होने की संभावना जताई जा रही है।
8वें वेतन आयोग में कितनी बढ़ेगी सैलरी?
फिलहाल सैलरी बढ़ोतरी को लेकर कोई आधिकारिक आंकड़ा सामने नहीं आया है, लेकिन पुराने वेतन आयोगों के आधार पर अनुमान लगाए जा रहे हैं—
6वां वेतन आयोग: लगभग 40% वेतन वृद्धि
7वां वेतन आयोग: 23–25% वृद्धि (फिटमेंट फैक्टर 2.57)
इन्हीं आंकड़ों के आधार पर एक्सपर्ट्स का मानना है कि 8वें वेतन आयोग में 20% से 35% तक वेतन बढ़ोतरी हो सकती है। वहीं फिटमेंट फैक्टर 2.4 से 3.0 के बीच रहने की संभावना है, जिससे बेसिक सैलरी में बड़ा उछाल देखने को मिल सकता है।
आखिरी फैसला किस पर निर्भर करेगा?
विशेषज्ञों के अनुसार अंतिम निर्णय कई अहम कारकों पर निर्भर करेगा, जिनमें शामिल हैं—
महंगाई दर
सरकार की वित्तीय स्थिति
टैक्स कलेक्शन
राजस्व वृद्धि
राजनीतिक इच्छाशक्ति
कर्मचारी संगठनों को उम्मीद है कि सरकार कर्मचारियों के हित में सकारात्मक रुख अपनाएगी। आने वाले 12–18 महीनों में आर्थिक हालात तय करेंगे कि वेतन बढ़ोतरी कितनी होगी।
