बिलासपुर में अटल आवास से 14 लाख रुपए नकद बरामद: मजदूर गिरफ्तार, पत्नी फरार

Share this

बिलासपुर। कोतवाली थाना क्षेत्र के मधुबन नारियल कोठी स्थित अटल आवास में शनिवार को पुलिस ने एक मजदूर के घर दबिश देकर 14 लाख रुपए की नकद रकम बरामद की है। यह राशि 500-500 रुपए के नोटों के बंडलों में थी, जिन्हें एक बैग में भरकर घर की आलमारी में छिपाकर रखा गया था। पुलिस ने मजदूर विजेंद्र बैस को गिरफ्तार कर उसकी पत्नी की तलाश शुरू कर दी है।

 

संदिग्ध खर्चों के बाद उठी पुलिस की नजर

 

मिलने वाले इनपुट के अनुसार, मजदूरी कर जीवनयापन करने वाला विजेंद्र बैस और उसकी पत्नी, जो घरों में बर्तन धोने का काम करती है, बीते दिनों अचानक महंगे खर्च करने लगे।

 

घर में बड़ा ताला लगाया गया

नई स्कूटी खरीदी गई

नए मकान का निर्माण शुरू किया गया

 

 

इन गतिविधियों को संदिग्ध मानकर कोतवाली पुलिस, तारबाहर थाना और ACCU की संयुक्त टीम ने विजेंद्र के घर पर छापा मारा।

 

आलमारी से 14 लाख के बंडल बरामद

 

तलाशी के दौरान घर की आलमारी में रखे एक बैग में 500–500 रुपए के नोटों के बंडल मिले।

पूछताछ में विजेंद्र रकम का कोई भी वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका। सख्ती करने पर उसने पुलिस को बताया कि “यह रकम उसकी पत्नी घर लेकर आई थी।”

 

इसके बाद पूरी राशि जब्त कर विजेंद्र बैस को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस उसकी पत्नी की तलाश में लग गई है।

 

नोटों में बदबू – लंबे समय से छुपाकर रखने का शक

 

जब्त किए गए नोटों में नमी और बदबू थी, जिससे पुलिस को शक है कि रकम काफी समय से छिपाकर रखी गई थी।

जांच इस दिशा में भी की जा रही है कि कहीं यह रकम किसी अवैध गतिविधि की कमाई तो नहीं, या किसी बड़े व्यक्ति ने कार्रवाई से बचने के लिए इन्हें यहां छुपाया तो नहीं।

 

पत्नी ही रखती थी आलमारी की चाबी

 

पुलिस पूछताछ में विजेंद्र ने बताया कि उसकी पत्नी आलमारी किसी को छूने नहीं देती थी।

चाबी हमेशा उसके पास रहती थी।

 

पुलिस का कहना है कि कई अहम सवालों के जवाब पत्नी की गिरफ्तारी के बाद ही स्पष्ट होंगे। फिलहाल उसकी तलाश जारी है।

Share this

You may have missed